कांग्रेस की संगठनात्मक बैठक सम्पन्न, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर दिया जोर राष्ट्रीय सचिव ममता वशिष्ठ ने कार्यकर्ताओं से की वन-टू-वन चर्चा, मिस्ड कॉल अभियान को गति देने का आह्वान; महंगाई और भ्रष्टाचार के विरोध में गैस सिलेंडर के साथ प्रदर्शन
रतलाम। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा के निर्देश एवं मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी के सानिध्य में प्रदेशभर में आयोजित तीन दिवसीय संगठनात्मक प्रवास एवं बैठक कार्यक्रम के अंतर्गत रतलाम शहर महिला कांग्रेस कार्यालय में संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य संगठन को अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाते हुए जिला एवं ब्लॉक स्तर की गतिविधियों की समीक्षा, संगठन विस्तार, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करना तथा महिला कांग्रेस को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने की रणनीति तैयार करना रहा। बैठक में अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव एवं मध्य प्रदेश की सह प्रभारी ममता वशिष्ठ मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। उनके साथ रतलाम प्रभारी प्रीति महेश्वरी एवं सह प्रभारी वर्षा सांखला भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष कुसुम चाहर द्वारा ममता वशिष्ठ को पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत करने से हुई। इसके बाद शहर एवं ग्रामीण महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने भी अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया। अपने संबोधन में ममता वशिष्ठ ने रतलाम महिला कांग्रेस के संगठनात्मक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि महिलाएं समाज में सकारात्मक परिवर्तन की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता कांग्रेस की नीतियों एवं विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य करें तथा संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस की पहचान उसकी एकता और सक्रियता है तथा इसी के माध्यम से सशक्त, समृद्ध और समानतापूर्ण भारत का निर्माण संभव है। राष्ट्रीय सचिव ने कार्यकर्ताओं से वन-टू-वन चर्चा कर उनकी राय एवं सुझाव भी लिए। साथ ही महिला कांग्रेस के मिस्ड कॉल अभियान से अधिक से अधिक महिलाओं एवं कार्यकर्ताओं को जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी लोकतंत्र को मजबूत बनाती है तथा महिला आरक्षण को प्रभावी रूप से लागू किया जाना समय की आवश्यकता है। इस अवसर पर रतलाम प्रभारी प्रीति महेश्वरी एवं सह प्रभारी वर्षा सांखला ने भी संगठन को मजबूत बनाने और आगामी कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। बैठक के पश्चात महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई एवं भ्रष्टाचार के विरोध में गैस सिलेंडर लेकर 80 फीट चौराहे पर प्रदर्शन किया और नारेबाजी करते हुए सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष यासमीन शेरानी, ब्लॉक अध्यक्ष आशा रावत, निलोफर खान, कविता महावर, ग्रामीण महिला कांग्रेस अध्यक्ष वंदना पुरोहित, कमलेश चौहान, रानी देवड़ा, शशि शोत्रिय, संजू भाटी, हिना शेख, राधा प्रजापति, अनु नेकाड़ी, रश्मि मेहरौलिया, जायदा बेगम, तबस्सुम शेख, मनोरमा परमार, रेखा सोलंकी, जूही, आंचल सोलंकी, आरिफा कछवाया, लीलाबाई, हंसा राठौर, साधना नकुम, मंगला शर्मा, मंजू तिवारी, आयशा कुरैशी, ममता पोरवाल, द्रौपदी, परी पोरवाल, पवित्रा चौहान, रुखसाना, शानू शाह, रेहाना सैय्यद, रीना गिरी गोस्वामी, नेहा सहित सैकड़ों महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
