मध्यप्रदेश ने आज विकास के क्षेत्र में अपनी एक नई पहचान स्थापित की है : मंत्री काश्यप मध्यप्रदेश स्थापना दिवस मनाया गया रतलाम जिला मुख्यालय पर 2 नवंबर को मध्यप्रदेश स्थापना दिवस मनाया गया। कलेक्टर कार्यालय परिसर में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदेश के सूक्ष्म, लघु, मध्यम उद्यम मंत्री काश्यप ने अपने उद्बोधन में कहा कि देश में विकास के क्षेत्र में आज मध्यप्रदेश ने अपनी एकनई पहचान स्थापित की है, चाहे कृषि हो, सिंचाई हो या औद्योगिक विकास की श्रृंखला हो, प्रदेश में चहुंओर विकास नजर आ रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्री काश्यप द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, कलेक्टर राजेश बाथम, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, सीईओ जिला पंचायत श्रृंगार श्रीवास्तव, अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, मनोहर पोरवाल, विनोद करमचंदानी, गोविंद काकानी तथा अधिकारी, कर्मचारी नागरिकगण उपस्थित थे।मंत्री काश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा पीएम श्री हेलीकॉप्टर जैसी योजना लागू करके गरीब मरीजों की सेवा का महत्वपूर्ण कार्य किया है जिनको आपात स्थिति में उच्च स्तरीय उपचार हेतु अन्यत्र ले जाने के लिए प्रत्येक जिले में तत्काल हेलीकॉप्टर की सुविधा शासन द्वारा दी गई है। काश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शासन और सामाजिक सरोकारों का समन्वय स्थापित किया है। विगत दशहरे पर व्यापक रूप में जहां प्रदेश में शस्त्र पूजन के कार्यक्रम आयोजित हुए वहीं दीपावली के पश्चात गोवर्धन पूजा तथा गोपूजन के भी वृहद कार्यक्रम प्रदेश में आयोजित किए गए हैं। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों द्वारा दी गई सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए काश्यप ने कहा कि बच्चों का प्रदर्शन हमारे शहर के शैक्षणिक, सांस्कृतिक विकास को दर्शा रहा है। हमारे प्राचीन खेलों में शारीरिक व्यायाम, मानसिक व्यायाम के साथ आध्यात्मिकता का अनूठा संगम देखने को मिलता है। यह समावेश यहां प्रस्तुत मलखंब के खेल में भी देखा जा सकता है। मलखंब को मालवा क्षेत्र ने पूरे देश में एक पहचान दी है। काश्यप ने अपने उद्बोधन में दीपो उत्सव के विभिन्न आयोजनों का जिक्र किया, साथ ही सब को दीपावली की शुभकामनाएं भी दी।
Tags
देश